
बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 4 जनवरी 2026 को थाना कोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जलसों निवासी बहोरिक उर्फ दऊवा वर्मा ग्राम गतोरी कच्छार रोड स्थित तालाब के पास भारी मात्रा में हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब रखकर उसका अवैध विक्रय कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी बहोरिक उर्फ दऊवा वर्मा पिता स्वर्गीय लालन वर्मा, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम जलसों, थाना कोनी के कब्जे से 15-15 लीटर क्षमता के 6 पीले रंग के प्लास्टिक डिब्बों में कुल 90 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 18,000 रुपये बताई गई है। आरोपी शराब रखने एवं विक्रय से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके पर ही शराब को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 07/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष रिमांड पर प्रस्तुत किया जाएगा।
कोनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल 112 पर देकर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।




