
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ की न्यायधानी से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। शहर के मध्य स्थित सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की प्रसिद्ध हैप्पी स्ट्रीट अब भय और बर्बरता का प्रतीक बन चुकी है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पूरे शहर को हिला दिया है। वीडियो में कुछ किन्नर एक युवती को सड़क पर बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि पुलिस को अब तक इस घटना की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
थाना प्रभारी का बयान— “अब तक कोई शिकायत नहीं आई”—अपने आप में व्यवस्था की नींद उजागर करता है। सवाल उठता है कि क्या पुलिस अब सिर्फ तब हरकत में आएगी जब किसी की मौत हो जाए या एफआईआर हाथ से लिखी जाए?
इधर, आरपा नदी में एक युवा अधिवक्ता की लाश मिलने से भी शहर दहल उठा। दो दिनों में दो शव मिलने के बाद भी पुलिस का जवाब वही पुराना—“जांच जारी है।” शहरवासी सवाल कर रहे हैं कि आखिर बिलासपुर में कानून-व्यवस्था की निगरानी कौन कर रहा है?
कभी “हैप्पी स्ट्रीट” कहलाने वाला इलाका अब “हिंसा स्ट्रीट” बन गया है। अपराध अब पुलिस की नाक के नीचे नाच रहा है और व्यवस्था सिर्फ बयान देती दिख रही है। अगर यही हाल रहा तो बिलासपुर की पहचान “न्यायधानी” नहीं, बल्कि “अपराधों का ओपन थिएटर” बन जाएगी।




