बिलासपुर

कांग्रेस ने दी भाजपा को मात, संजय गांधी नगर उपचुनाव में शेख आजम बने सिकंदर .

बिलासपुर। राजनीति के शतरंज पर एक बार फिर बिलासपुर नगर निगम का वार्ड क्रमांक 29 (संजय गांधी नगर) कांग्रेस का अभेद्य किला साबित हुआ है। इस हाई-प्रोफाइल उपचुनाव में कांग्रेस ने न केवल अपनी बादशाहत बरकरार रखी, बल्कि भाजपा को एक ऐसी करारी शिकस्त दी है जिसकी गूंज दूर तक सुनाई देगी।
कांग्रेस के कद्दावर प्रत्याशी शेख आजम ने अपनी लोकप्रियता का लोहा मनवाते हुए भाजपा उम्मीदवार वी. मधुसूदन राव को 1062 मतों के भारी-भरकम अंतर से धूल चटा दी। चुनावी दंगल के नतीजों पर नजर डालें तो शेख आजम के पक्ष में 2339 वोटों की एकतरफा बरसात हुई, जबकि भाजपा प्रत्याशी महज 1277 वोटों पर सिमट कर रह गए। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) का सूपड़ा पूरी तरह साफ हो गया और उसे सिर्फ 20 वोटों से संतोष करना पड़ा, जबकि 29 मतदाताओं ने ‘नोटा’ (NOTA) का बटन दबाया।
तीन दशकों का ‘एकछत्र राज
इस जीत के साथ ही कांग्रेस ने साबित कर दिया कि संजय गांधी नगर की माटी में उसका रसूख कितना गहरा है। पिछले 30 सालों से इस वार्ड पर कांग्रेस का एकतरफा कब्जा है। दूसरी ओर, भाजपा के वी. मधुसूदन राव के लिए यह हार किसी बड़े झटके से कम नहीं है, क्योंकि यह उनकी चुनावी शिकस्त की हैट्रिक (लगातार तीसरी हार) है।
इस धमाकेदार फतह के बाद कांग्रेस खेमे में जश्न का सैलाब उमड़ पड़ा है। ढोल-नगाड़ों की थाप और आतिशबाजी के बीच पूर्व महापौर रामशरण यादव ने गदगद होकर कहा, “यह जीत भाजपा की दमनकारी नीतियों के खिलाफ जनता के आक्रोश और कांग्रेस के प्रति अटूट विश्वास की जीत है। जनता ने साफ संदेश दे दिया है।”
कुल 5255 मतदाताओं वाले इस वार्ड में 3665 जागरूक नागरिकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर विकास और भरोसे की नई इबारत लिख दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page