आईजी बिलासपुर रेंज डॉ. संजीव शुक्ला की अपराध समीक्षा बैठक, 2026 के लिए सख्त लक्ष्य तय .

बिलासपुर / पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला ने वर्ष 2026 की प्रथम अपराध समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी जिलों को सख्त, स्पष्ट एवं लक्ष्य आधारित निर्देश दिए। बैठक में रेंज अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ लंबित गंभीर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, संपत्ति संबंधी अपराध, गुमशुदा व्यक्ति, मर्ग, विभागीय जांच, समंस-वारंट तामीली एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
आईजी डॉ. शुक्ला ने बताया कि वर्ष 2025 में पूर्व वर्षों की तुलना में रेंज में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, नकबजनी, चोरी तथा महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस बल की सराहना की। साथ ही वर्ष 2026 के लिए अपराध नियंत्रण, त्वरित विवेचना और समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करने हेतु मासिक समीक्षा के आधार पर परिणाममूलक कार्यवाही के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर अपराधों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होगी। महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई और समय-सीमा में प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। गुमशुदा बच्चों की दस्तयाबी के लिए राजपत्रित अधिकारियों को व्यक्तिगत रुचि लेकर प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश के लिए गश्त एवं पेट्रोलिंग बढ़ाने, आदतन अपराधियों पर सतत निगरानी, जुआ-सट्टा, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और नेतृत्व की भूमिका को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
बैठक में बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।




