अमेरी में बुजुर्ग पर हमला करने वाला आरोपी निकला मानसिक रूप से कमजोर, पुलिस ने किया गिरफ्तार .

बिलासपुर (सकरी):न्यायधानी के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमेरी में हुई चाकूबाजी की घटना में एक नया मोड़ सामने आया है. पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बुजुर्ग रमेश गेंदले पर हमला करने वाला आरोपी सत्य प्रकाश सुनहरे मानसिक रूप से विक्षिप्त (कमजोर) बताया जा रहा है.
रास्ते में गाली-गलौज और अचानक हमला
घटना के वक्त आरोपी सत्य प्रकाश सुनहरे रास्ते में खड़े होकर लगातार गाली-गलौज कर रहा था. इसी दौरान वहां से गुजर रहे रमेश गेंदले के साथ उसका विवाद हो गया. तैश में आकर आरोपी ने अपने पास रखे घरेलू उपयोग के चाकू से बुजुर्ग पर हमला कर उन्हें लहुलुहान कर दिया. वारदात के बाद भागने की कोशिश में आरोपी खुद भी गिरकर घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.
थाने में आरोपी का अजीब व्यवहार
सकरी पुलिस ने जब आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया, तो उसका व्यवहार बेहद असामान्य था. पूछताछ के दौरान भी वह पुलिस के सवालों का सीधा और सामान्य जवाब नहीं दे पा रहा है.
आसपास के लोगों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी सत्य प्रकाश की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का इससे पहले कोई भी पुराना आपराधिक इतिहास (रिकॉर्ड) नहीं रहा है.
कड़ी धाराओं में मामला दर्ज
सकरी थाना पुलिस ने इस पूरे मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 588/2026 दर्ज किया है. आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 296 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है. पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक व कानूनी कार्यवाही की जा रही है.




