
बिलासपुर। थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में सोमवार रात Illume Bar के बाहर पार्किंग स्थल में हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जहां एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर की रात शिवानी खुटे उर्फ नेहा और निलेश गेंदले के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। स्थिति बिगड़ती देख प्रशांत कश्यप, आयुष यादव और यश तिवारी वहां पहुंचे ताकि विवाद शांत कराया जा सके। इसी दौरान शिवानी और निलेश के बीच बढ़ते विवाद को देखकर आरोपी यश तिवारी आवेश में आ गया और अपने पास रखे बटनदार चाकू से निलेश के पेट के बाएं हिस्से पर वार कर दिया। हमले में निलेश घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। वहीं आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने पहचान कर तुरंत गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू भी आरोपी यश तिवारी से जप्त कर लिया गया है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। घायल युवक का इलाज जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. शिवानी खुटे उर्फ नेहा (20 वर्ष), निवासी फिरंगीपारा कोटा, हाल निवासी राजकिशोर नगर
2. यश तिवारी (18 वर्ष), निवासी राजकिशोर नगर
3. प्रशांत कश्यप (20 वर्ष), निवासी मोपका गुढ़ीपारा
4. आयुष यादव (20 वर्ष), निवासी मोपका विवेकानंद नगर
पुलिस आगे की जांच कर रही है।




