छत्तीसगढ़बिलासपुर

प्रेम प्रसंग में खूनी खेल:महिला भी दे रही चुनौती, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की बेरहमी से हत्या ..

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने अवैध संबंधों के रास्ते से पति को हटाने के लिए खौफनाक साजिश रच डाली। आरोपी महिला ने अपने प्रेमी और उसके दो साथियों के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को पानी भरे इलाके में फेंक दिया।
मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, झारखंड की रहने वाली पूनम लोंमगा का सुगर टोपनो नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस प्रेम प्रसंग में पति विनोद लोंमगा रोड़ा बन रहा था, जिसे रास्ते से हटाने के लिए पूनम ने एक सोची-समझी साजिश रची। 18 मई को पूनम पैसे लेने का बहाना बनाकर अपने पति विनोद को ट्रेन से बिलासपुर लेकर आई।
बिलासपुर में रेलवे ट्रैक के पास पूनम का प्रेमी सुगर टोपनो अपने दो अन्य साथियों के साथ पहले से घात लगाए बैठा था। जैसे ही विनोद वहां पहुंचा, चारों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत छिपाने की नीयत से शव को रेलवे ट्रैक के पार एक पानी भरे इलाके में फेंक दिया और फरार हो गए।
इस अंधे कत्ल का खुलासा तब हुआ जब झारखंड पुलिस लापता विनोद की तलाश करते हुए उसकी पत्नी पूनम को लेकर पूछताछ के लिए बिलासपुर पहुंची। कड़ाई से पूछताछ करने पर पूनम टूट गई और उसने हत्या की पूरी साजिश उगल दी। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने घटना स्थल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी प्रेमी और उसके साथी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page