अवैध संबंध के शक में रतनपुर में हमला, बुजुर्ग महिला की हत्या, छह घायल,आरोपी गिरफ्तार ..

बिलासपुर / रतनपुर थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश और अवैध संबंध के संदेह को लेकर हुए खूनी हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पेंडरवा निवासी सुरेश श्रीवास (46) अपने दो पुत्रों के साथ शाम करीब 6:30 बजे थाना रतनपुर पहुंचा। इसी दौरान घायल पक्ष के लोग भी वहां पहुंचे और सुरेश श्रीवास व उसके बेटों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज सिम्स में जारी है।
घटनास्थल पर पीड़ित शेख शब्बीर ने बताया कि मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास अपनी पूर्व पत्नी और उसके भाई शेख सलीम के बीच कथित अवैध संबंध को लेकर लंबे समय से विवाद करता रहा था। इसी रंजिश में उसने अपने नाबालिग बेटों के साथ मिलकर शेख सलीम के घर पर हमला किया। सलीम के घर पर न मिलने पर उसने उसकी 65 वर्षीय मां मुराद बेगम पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य छह सदस्यों को भी गंभीर चोटें आईं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी उमेश श्रीवास ने सुरेश को इस घटना के लिए उकसाया था। पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जब्त किए हैं।
मामले में सुरेश श्रीवास, उमेश श्रीवास और दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है।




