तीन साल से फरार दुष्कर्म आरोपी गिरफ्तार, बेलगहना पुलिस की बड़ी कार्रवाई सफल .

बिलासपुर । जिले के कोटा थाना अंतर्गत चौकी बेलगहना पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में तीन वर्षों से फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपी रामबली पटेल (36 वर्ष), निवासी करहीकछार, पर धारा 376(2)(ढ) भादवि के तहत अपराध दर्ज था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 4 जुलाई 2023 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि फरवरी 2023 से 19 जून 2023 के बीच आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और लगातार ठिकाना बदल रहा था, जिससे पुलिस को उसे पकड़ने में कठिनाई हो रही थी।
बेलगहना पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान 18 मार्च 2026 को बीट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आया हुआ है और हैदराबाद भागने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए टीम का गठन किया गया और तड़के दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हेमंत सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता को बीट सिस्टम की सक्रियता और जनसहयोग का परिणाम माना जा रहा है।




