छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मॉडिफाइड साइलेंसर पर कसा शिकंजा .

बिलासपुर । यातायात पुलिस बिलासपुर ने अवैध रूप से लगाए गए मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाले विक्रय स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर अत्यधिक तेज आवाज उत्पन्न करने वाले साइलेंसर जब्त किए गए। ऐसे वाहनों से अमानक साइलेंसर निकलवाकर मानक स्तर के साइलेंसर लगवाए गए। साथ ही वाहन चालकों, गैरेज संचालकों और ऑटो पार्ट्स विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से बचें।


यातायात पुलिस और संबंधित थानों की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर उन क्षेत्रों में कार्रवाई की, जहां मॉडिफाइड साइलेंसर के माध्यम से तेज आवाज कर आम नागरिकों को भयभीत किया जा रहा था। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों से शपथ पत्र भरवाकर ही वाहन सुपुर्द किए गए। युवाओं द्वारा ऐसे वाहनों के उपयोग के मामलों में उनके माता-पिता और अभिभावकों को भी यातायात मुख्यालय बुलाकर समझाइश दी गई।

इसके अलावा, सभी मोटर गैरेज और ऑटो पार्ट्स दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि दोबारा अवैध साइलेंसर पाए जाने पर उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी और नगर निगम के माध्यम से दुकानों को ब्लैकलिस्ट कराने का प्रस्ताव भेजा जाएगा।


यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब या नशे में वाहन चलाने, तेज व लापरवाह ड्राइविंग, मोबाइल का उपयोग, गलत दिशा में वाहन चलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर के मामलों में लाइसेंस निलंबन व वाहन ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अभियान के दौरान डीएसपी शिवचरण परिहार सहित यातायात पुलिस व थाना स्टाफ मौजूद रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page