
बिलासपुर। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने आमजन में भय का माहौल उत्पन्न करने वाले एक आरोपी को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई दिनांक 20 दिसंबर 2025 को की गई, जब पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक करबला कोदू चौक के पास सार्वजनिक मार्ग पर धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले राहगीरों को डरा-धमका रहा है।
प्राप्त सूचना से तत्काल श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनुज कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) को अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के पालन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस टीम द्वारा बताए गए स्थान पर तत्काल दबिश दी गई। मौके पर पुलिस ने आरोपी लक्की उर्फ लक्कू यादव पिता रामायण यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी करबला कुम्हारपारा, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर (छ.ग.) को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
आरोपी द्वारा सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों को भयभीत करना गंभीर अपराध पाए जाने पर उसके विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सिटी कोतवाली पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।




