
बिलासपुर :- शासकीय बिलासा कन्या पीजी कॉलेज में परीक्षा शुल्क में की गई अचानक वृद्धि के खिलाफ छात्राओं का आक्रोश खुलकर सामने आया है। कॉलेज प्रशासन द्वारा इस सत्र विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षा फीस में 300 से 600 रुपये तक की बढ़ोतरी किए जाने के बाद मंगलवार को छात्राओं ने प्राचार्य डॉ. एस.आर. कमलेश को ज्ञापन सौंपकर निर्णय को वापस लेने की मांग की।
छात्राओं के अनुसार पिछले पीजी सेमेस्टर में परीक्षा शुल्क 1300 रुपये था, जिसे अब बढ़ाकर 1700 रुपये कर दिया गया है। विज्ञान संकाय—बॉटनी, जूलॉजी और केमिस्ट्री—की छात्राओं ने 400 रुपये की यह वृद्धि पूरी तरह अनुचित और एकतरफा बताया। वहीं यूजी वर्ग में भी फीस बढ़ोतरी का विरोध किया गया है। बीएससी (कंप्यूटर) और प्लेन बीएससी की फीस 1400 से बढ़ाकर 1800 रुपये, जबकि बीए की परीक्षा फीस 1300 से बढ़ाकर सीधे 1900 रुपये कर दी गई है।

विद्यार्थियों ने कहा कि अधिकांश छात्राएँ मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आती हैं। ऐसे में अचानक शुल्क वृद्धि उनके लिए आर्थिक बोझ साबित हो रही है और कई छात्राओं की परीक्षा प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने फीस बढ़ाने से पहले न तो उनसे चर्चा की और न ही किसी प्रकार की पारदर्शिता बरती गई।
ज्ञापन में छात्राओं ने मांग रखी कि परीक्षा शुल्क वृद्धि पर तुरंत पुनर्विचार किया जाए, पूर्व निर्धारित शुल्क (1300/1400 रुपये) ही लागू रखा जाए तथा भविष्य में किसी भी शुल्क परिवर्तन की जानकारी समय पर और उचित कारणों सहित दी जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में जूही केवर्त, रोशनी, प्रिया, स्वीटी, रिया, प्रियंका सहित 12 छात्राएँ शामिल थीं। छात्राओं ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी न होने पर वे आगे आंदोलन करने को बाध्य होंगी।




