
बिलासपुर। थाना कोटा की पुलिस ने नाबालिक लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अपहृता को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है, वहीं आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर 2025 को प्रार्थी ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिक बेटी को कोई अज्ञात युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कोटा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रमन चतुर्वेदी (उम्र 20 वर्ष), पिता राम चतुर्वेदी, निवासी मोहनभाठा, अपहृता के साथ मटसगरा के आगे नहर के पास देखा गया है। सूचना की पुष्टि होते ही कोटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना देरी के कार्रवाई करते हुए नाबालिक को सुरक्षित बरामद कर लिया और विधि अनुसार परिजनों के सुपुर्द किया।
आरोपी रमन चतुर्वेदी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने पर कोर्ट ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कोटा पुलिस की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। पुलिस ने कहा कि नाबालिकों से जुड़े मामलों में त्वरित कदम उठाना उनकी प्राथमिकता है तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




