छत्तीसगढ़जरा हटकेबिलासपुर

बिलासपुर रेल हादसा: कोरबा लोकल और मालगाड़ी की टक्कर में 6 की मौत, कई यात्री घायल, जांच के आदेश .

बिलासपुर / छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया। गेवरा रोड से रायपुर की ओर जा रही कोरबा लोकल पैसेंजर ट्रेन बिलासपुर आउटर पर खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। हादसा दोपहर के समय चौकसे कॉलेज के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोकल ट्रेन के आगे के दो डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और आसपास अफरातफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोकल ट्रेन तेज रफ्तार में आउटर लाइन से गुजर रही थी। उसी समय मालगाड़ी वहीं खड़ी थी। अचानक हुई भिड़ंत से कई यात्री ट्रेन के अंदर फंस गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग, रेलवे कर्मचारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को बिलासपुर जिला अस्पताल और अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों के लिए कई टीमें तैनात कर दी हैं।

मौके पर बिलासपुर के कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसपी ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रेलवे अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि सिग्नल की गड़बड़ी या मानवीय भूल के कारण यह बड़ा हादसा हुआ है।

घटना के बाद रेलवे ने इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी है। घटनास्थल पर मलबा हटाने और ट्रैक को दुरुस्त करने का काम जारी है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। लोग अस्पतालों में अपने परिजनों की कुशलता की जानकारी लेने पहुंचे हुए हैं।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page