
बिलासपुर कोटा । करगीरोड कोटा क्षेत्र में 4 वर्षीय मासूम बच्चे को लगातार मारपीट और गाली-गलौज कर प्रताड़ित करने की गंभीर जानकारी मिलने पर कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना की सूचना 27 नवंबर 2025 को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम द्वारा थाना कोटा को दी गई। टीम ने बताया कि वार्ड क्रमांक 01, राममंदिर चौक के पास निवासरत कथित गोदनामा माता राजकुमारी भैना 4 वर्षीय बालक के साथ गंभीर शारीरिक प्रताड़ना कर रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा एसडीओपी कोटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोटा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची। टीम ने बच्चे की हालत, उसके शरीर पर मौजूद चोटों और प्रताड़ना के तथ्यों की प्राथमिक पुष्टि की। मामले की गंभीरता देखते हुए तत्काल प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपिया राजकुमारी भैना (उम्र 34 वर्ष), निवासी पड़ावपारा, राममंदिर के पास, कोटा के विरुद्ध धारा 115(2), 296 BNS और धारा 75 किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इधर पीड़ित बालक को स्वास्थ्य उपचार, सुरक्षा और देखरेख हेतु संबंधित विभाग द्वारा सुरक्षित आश्रय में रखा गया है। पूरे प्रकरण में उप निरीक्षक मीना ठाकुर, म.आर. दीपिका लोनिया, आरक्षक दीप सिंह और प्रफुल्ल यादव का विशेष योगदान रहा।




