
बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले बदमाशों के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। यह कार्रवाई अप.क्र. 1366/2025 के तहत धारा 119(1), 296, 115(2), 351(2), 3(2) बीएनएस में की गई है।
गिरफ्तार आरोपी –
1. करन सूर्यवंशी, पिता दीपक सूर्यवंशी निवासी दारू भट्ठी के पास, चिंगराजपारा
2. संजय सूर्यवंशी उर्फ संजू, पिता स्व. रामफल सूर्यवंशी निवासी दारू भट्ठी के पास, चिंगराजपारा
पुलिस के अनुसार घटना 4 अक्टूबर 2025 की रात करीब 8:30 बजे अमरैया चौक चिंगराजपारा स्थित शराब भट्ठी के पास की है। प्रार्थी दिलीप कुमार केंवट (45 वर्ष), निवासी ग्राम कर्रा नैनपुर थाना रतनपुर, हाल मुकाम अमरैया चौक चिंगराजपारा सरकंडा शराब लेकर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। प्रार्थी द्वारा मना करने पर दोनों आरोपी गाली-गलौच करने लगे और मारपीट की। आरोपियों ने शराब की खाली शीशी से हमला कर प्रार्थी को घायल किया। बीच-बचाव करने आए अर्जुन केंवट को भी शीशी से मारकर चोट पहुंचाई गई।
मामले में थाना सरकंडा में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। 15 दिसंबर 2025 को सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल एवं सीएसपी (सिविल लाइन/सरकंडा) श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को चिंगराजपारा स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने, मारपीट और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




