
बिलासपुर। थाना सरकंडा क्षेत्र अंतर्गत शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सरकंडा पुलिस द्वारा क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले बदमाशों के विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की गई है। बीच चौराहे पर लड़ाई-झगड़ा कर सार्वजनिक शांति भंग करने वाले युवकों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देशानुसार जिले में लगातार पेट्रोलिंग एवं भ्रमण कर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज पटेल एवं सी.एस.पी. सिविल लाइन श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में थाना सरकंडा पुलिस द्वारा टाउन पेट्रोलिंग की जा रही थी।
आरोपियों के नाम –
1 रोहित यादव पिता स्व. रामनाथ यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी जबड़ापारा सरकंडा।
2 प्रेम वर्मा पिता प्रकाश वर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी चांटीडीह सरकंडा।
3 शहनवाज खान पिता स्व. जमिल खान, उम्र 30 वर्ष, निवासी देवन चाल चांटीडीह सरकंडा।
दिनांक 28.12.2025 को सूचना प्राप्त हुई कि सब्जी मंडी चांटीडीह, देवन चाल चांटीडीह एवं जबड़ापारा सरकंडा क्षेत्र में कुछ युवक आपस में विवाद कर क्षेत्र में अशांति फैला रहे हैं। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची, जहाँ युवक पुलिस के सामने ही हुज्जतबाजी करते हुए लोगों को डराने-धमकाने लगे एवं नाम-पता बताने से इंकार करने लगे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीनों युवकों को नियंत्रित कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।




