सड़क दुर्घटना में कूचल गया चेहरा, सिम्स में जटिल सर्जरी से नई जिंदगी .

बिलासपुर / सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 19 वर्षीय युवक नंदकुमार पटेल, निवासी ग्राम मुरली तहसील पाली जिला कोरबा, का सिम्स अस्पताल बिलासपुर में सफलतापूर्वक जटिल ऑपरेशन किया गया। दुर्घटना में युवक के दाहिने हिस्से के चेहरे की लगभग सभी हड्डियां बुरी तरह चकनाचूर हो गई थीं। दाहिना गाल, आंख के नीचे की हड्डी, ऊपरी व निचला जबड़ा और आंख के नीचे का पूरा ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे चेहरा पूरी तरह विकृत हो गया था।
सिम्स पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने सीटी स्कैन सहित सभी आवश्यक जांच कराई, जिसमें हड्डियों के अत्यधिक टूट-फूट की पुष्टि हुई। इस प्रकार की सर्जरी को अत्यंत चुनौतीपूर्ण माना जाता है। अत्यधिक रक्तस्राव को देखते हुए ऑपरेशन के दौरान रक्त भी चढ़ाया गया। सभी जांचों के बाद 11 दिसम्बर 2025 को ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया।

करीब 6 से 7 घंटे तक चले इस जटिल ऑपरेशन की खास बात यह रही कि युवक के चेहरे की सुंदरता और भविष्य को ध्यान में रखते हुए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया। हेमीकोरोनल इनसीजन और ट्रांसकंजक्टाइवल पद्धति से आंख के अंदर से चीरा लगाकर सर्जरी की गई, जिससे चेहरे पर बाहरी कोई भी निशान नहीं पड़ा। टूटी हड्डियों को सही स्थान पर स्थापित करने के लिए 10 प्लेट्स और 35 स्क्रू का उपयोग किया गया।
यह ऑपरेशन दंत चिकित्सा विभाग के डॉ. भूपेन्द्र कश्यप के निर्देशन में ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. संदीप प्रकाश, डॉ. केतकी किनिकर, डॉ. हेमलता राजमनी, डॉ. प्रकाश खरे एवं डॉ. सोनल पटेल की टीम द्वारा किया गया। निश्चेतना विभाग की प्रमुख डॉ. मधुमिता मूर्ति, रेडियोलॉजी विभाग की प्रमुख डॉ. अर्चना सिंह सहित सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और ओटी कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस सफल सर्जरी पर सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति एवं अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने टीम की सराहना करते हुए सभी विभागों का उत्साहवर्धन किया। यह सर्जरी सिम्स के दंत चिकित्सा विभाग के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
