
बिलासपुर। थाना सकरी पुलिस ने 20 दिनों के भीतर अंधेकत्ल के मामले का सफल खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ह्यूमन इंटेलिजेंस, स्थानीय सूत्रों और सतत सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने इस गंभीर मामले में शामिल तीन आरोपियों को चिन्हित किया है। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी पहले से ही जेल में निरुद्ध है।
यह मामला 7 दिसंबर 2025 का है। मृतक प्रहलाद साहनी हिर्री माइंस इंद्रपुरी से मोटरसाइकिल द्वारा बिलासपुर के लिए निकले थे, जिनका शव 8 दिसंबर 2025 को सकरी शराब भट्ठी के पास संदिग्ध हालत में मिला। सूचना पर थाना सकरी में मर्ग कायम कर शव पंचनामा व पोस्टमार्टम कराया गया। शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका पर जांच तेज की।
जांच के दौरान शराब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई। एक कैमरे में केवल ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली, जिसमें देर रात गाली-गलौच और बहस की आवाजें सुनाई दीं। परिजनों द्वारा आवाज की पहचान मृतक के रूप में किए जाने से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला।
लगातार जांच में यह सामने आया कि घटना की रात मृतक शराब के नशे में शोर-शराबा कर रहा था। इसी दौरान आरोपियों से विवाद हुआ और तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
1 पुरूषोत्तम वर्मा उर्फ आसाराम, निवासी बजरंगपारा, सकरी।
2 प्रियांशु वर्मा, निवासी बजरंगपारा, सकरी।
3 प्रियनाथ वर्मा उर्फ बाबू अंडा, निवासी बजरंगपारा, सकरी (पूर्व से जेल में निरुद्ध)।
आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




