
बिलासपुर। दिनांक 18 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) द्वारा थाना सिविल लाइन का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में उपस्थित फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और त्वरित व प्रभावी निराकरण के लिए रात्रि अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण कर ऑपरेटर से प्रणाली अंतर्गत किए जा रहे कार्यों, रिकॉर्ड संधारण एवं अद्यतन की समीक्षा की। रीडर शाखा में पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन से संबंधित लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण हेतु निर्देश प्रदान किए गए। विवेचक कक्ष में पुराने लंबित अपराधों की केस डायरी का स्वयं अवलोकन कर विवेचकों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

निरीक्षण के दौरान उप निरीक्षक अमृत साहू द्वारा वर्ष 2024 के पूर्व से लंबित 13 प्रकरणों का निराकरण कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने पर उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी प्रकार एएसआई मस्तराम कश्यप, एएसआई विष्णु साहू एवं वरिष्ठ आरक्षक वीरेंद्र राजपूत को भी लंबित प्रकरणों के प्रभावी निराकरण हेतु कैश रिवॉर्ड देकर सम्मानित किया गया। मालखाना प्रभारी द्वारा जप्त माल का सुव्यवस्थित एवं नियमसम्मत संधारण संतोषजनक पाए जाने पर उन्हें भी नगद पुरस्कार दिया गया।

थाना प्रभारी सिविल लाइन ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु निरंतर सख्त कार्यवाही की जा रही है। हालिया अवधि में आर्म्स एक्ट, बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कई प्रकरण दर्ज कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। विगत तीन दिनों में 20 गुंडे-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारी को भी नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।




