कोटा

लकड़ी चोरी के विवाद में हत्या, कोटा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार .

बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करगीखुर्द में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल महिला समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, घटना की जड़ में लकड़ी चोरी का विवाद था। पूर्व में मृतक मोहन पाण्डेय ने आरोपी राजाराम साहू पर घर की लकड़ी चोरी कर होलिका दहन में जलाने का आरोप लगाया था, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इसी बात से क्षुब्ध होकर आरोपियों ने मोहन की हत्या की साजिश रची।
बीते 22 मार्च को जब मोहन पाण्डेय अपने घर लौट रहा था, तब आरोपियों ने पूर्व नियोजित तरीके से टांगिया और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मोहन की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को घसीटकर आंगन में फेंक दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए मृतक के साथी शरद कौशिक पर भी हमला किया गया, जो किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागा।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम :
1 राजाराम साहू पिता चैत राम साहू (निवासी: कोरीपारा, ग्राम करगीखुर्द)
2 देवीप्रसाद साहू पिता चेतराम साहू (निवासी: कोरीपारा, ग्राम करगीखुर्द)
3 प्रदीप साहू पिता श्याम सुंदर साहू (निवासी: कोरीपारा, ग्राम करगीखुर्द)
4 श्रीमती आशा बाई साहू पति चैतराम साहू (निवासी: कोरीपारा, ग्राम करगीखुर्द)
5 श्रीमती वृंदा बाई साहू पति सहदेव साहू (निवासी: ग्राम करनकापा, थाना तखतपुर)
6 चैतराम साहू पिता स्व. सुकुल साहू (निवासी: कोरीपारा, ग्राम करगीखुर्द)


पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देशानुसार, कोटा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल घेराबंदी की। घटना के अगले ही दिन 23 मार्च को पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का टांगिया और लकड़ी का फंटा भी बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page