
बिलासपुर। मंगलवार की शाम करीब 7 बजे राजीव प्लाज़ा में अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब उड़ीसा पुलिस की टीम ने तारबहार थाना पुलिस की मदद से दो मोबाइल दुकानों – “एसएस मोबाइल” और “मोबाइल मेनिया” पर दबिश दी। मामला कथित तौर पर फर्जी बिल बनाकर चोरी के महंगे iPhone की खरीद-फरोख्त से जुड़ा बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, ये मोबाइल रायपुर में ऊंचे दामों पर बेचे गए थे।

जानकारी के अनुसार, भुवनेश्वर पुलिस को फर्जी बिलिंग की सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की। यह कार्रवाई रात करीब 8 बजे से 11 बजे तक चली। इस दौरान राजीव प्लाज़ा और थाना परिसर दोनों जगहों पर तनाव का माहौल रहा। बताया जा रहा है कि ओडिशा पुलिस आरोपी की निशानदेही पर पहुंची थी और दो से तीन iPhone बरामद किए गए।

व्यापारियों ने दुकान संचालकों को थाने ले जाने पर विरोध जताया। सूत्रों का दावा है कि पूरी कार्रवाई के दौरान “सेटिंग” और “मिठाई” के नाम पर लेनदेन की चर्चा भी चली। हालांकि, थाना प्रभारी ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि यह ओडिशा पुलिस का मामला है और उन्होंने इसे उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट करने की आवश्यकता नहीं समझी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बरामद iPhone किस घटना से जुड़े हैं और जांच किस स्तर पर है।




