
बिलासपुर। नये वर्ष में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए रतनपुर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर की पुलिस टीम ने महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10.500 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 1050 रुपये बताई जा रही है। आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला बिलासपुर श्री रजनेश सिंह भापुसे के निर्देश पर जिले में अपराधों एवं नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती अर्चना झा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना रतनपुर द्वारा विशेष टीम गठित की गई।
दिनांक 07 जनवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लखराम निवासी सुकृति वर्मा अपने घर में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का संग्रह कर बिक्री कर रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी रतनपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम लखराम में आरोपी के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 10.500 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
आरोपिया श्रीमती सुकृति वर्मा पति राधेश्याम वर्मा, उम्र 48 वर्ष, निवासी बाजारपारा लखराम थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक उप निरीक्षक दिनेश तिवारी, प्रधान आरक्षक दिनेश कांत, आरक्षक आकाश डोंगरे, देवानंद चन्द्राकर एवं महिला आरक्षक अंजेला खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




