रजिया खुरशैल किन्नर के उत्पात से मोहल्ले में दहशत, पहले भी कई मामले हैं दर्ज .

बिलासपुर। सरकण्डा क्षेत्र के हर श्रृंगार कॉलोनी अटल आवास में एक किन्नर के लगातार उत्पात से रहवासी भय के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं। स्थानीय निवासी विजया संग्राम ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपते हुए रजिया खुरशैल नामक किन्नर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में बताया गया है कि रजिया आए दिन शराब के नशे में अपने साथियों के साथ मोहल्ले में गाली-गलौच, मारपीट और विवाद करती है।
21 अप्रैल को अक्षय तृतीया के मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान रजिया नशे की हालत में पहुंची और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। पीड़ितों में दिशु संग्राम, छवि संग्राम, परि संग्राम, सीमा साहू और रामप्यारी साहू शामिल हैं। घटना के बाद थाना सरकण्डा में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले और बढ़ गए।

आरोप है कि 22 अप्रैल को रजिया अपने साथियों के साथ दोबारा पहुंची और तलवार लेकर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय हरकतों से बच्चों पर भी गलत असर पड़ रहा है।
रजिया किन्नर के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। नेहरू चौक क्षेत्र में पैसा वसूली, हिर्री थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों से हुज्जत बाजी , लोगों को धमकाना और भयभीत करना जैसे मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है।
मोहल्लेवासियों ने एसपी से मांग की है कि मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।




