
बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के मधुबन अटल आवास में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदेही के घर से 14 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। कार्रवाई सिटी कोतवाली, तारबाहर थाना एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम द्वारा की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अटल आवास के निवासी विजेन्द्र बैस पिछले कुछ महीनों से अचानक अधिक राशि खर्च कर रहा है और उसके पास बड़ी मात्रा में नकदी होने की आशंका है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने टीम गठित कर संदेही के मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान विजेन्द्र बैस के घर से 14,00,000 रुपये नगद मिले, जिन्हें मौके पर ही पुलिस ने कब्जे में ले लिया। जब्त की गई राशि के स्रोत के बारे में पूछताछ करने पर संदेही कोई भी दस्तावेज या स्पष्ट जानकारी प्रदान नहीं कर सका।

पुलिस ने बताया कि संदेही के उत्तर असंतोषजनक पाए जाने पर बरामद राशि को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत विधिवत जप्त किया गया है। मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई जारी है। टीम संदेही की गतिविधियों, आय के स्रोत एवं संभावित अवैध लेनदेन की जांच में जुट गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ऐसे संदेहास्पद मामलों पर आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रूप से लगाम लगाई जा सके। इस संयुक्त कार्रवाई में सिटी कोतवाली, तारबाहर थाना और एसीसीयू के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।




