
बिलासपुर। जयरामनगर, मस्तूरी निवासी दिलेश्वर पूरी गोस्वामी, जो स्वयं को एक न्यूज पोर्टल का पत्रकार बताता है, के विरुद्ध भ्रामक एवं तथ्यहीन खबरें प्रकाशित करने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिलेश्वर गोस्वामी द्वारा प्रकाशित की गई खबरों में कई ऐसे तथ्य पाए गए हैं, जो वास्तविकता से परे हैं और संबंधित व्यक्तियों की छवि धूमिल करने वाले हैं।

माह जून 2025 में जयरामनगर निवासी विकास तिवारी के साथ थाना तोरवा क्षेत्र अंतर्गत नकाबपोश बदमाशों द्वारा मारपीट एवं लूट की घटना हुई थी। इस मामले में थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 266/2025 धारा 309(6) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया है कि दिलेश्वर गोस्वामी की भूमिका भी इस घटना से जुड़ी हो सकती है। बताया गया है कि उक्त अपराध से स्वयं को बचाने के उद्देश्य से दिलेश्वर गोस्वामी द्वारा विकास तिवारी एवं अन्य लोगों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी मस्तूरी एवं थाना मस्तूरी में लगातार शिकायतें की गईं, जिनके आधार पर अब तक तीन एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। हालांकि, विवेचना में इन प्रकरणों में अब तक ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं, फिर भी जांच जारी है।

इसी मामले में अनावेदक विकास तिवारी द्वारा एक ऑडियो क्लिप प्रस्तुत की गई है, जिसमें दिलेश्वर गोस्वामी द्वारा दो लाख रुपये की मांग किए जाने की बात कही जा रही है। इस ऑडियो क्लिप की भी विधिवत जांच कराई जाएगी।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दिलेश्वर गोस्वामी द्वारा मस्तूरी एवं पचपेड़ी क्षेत्र में व्यवसायियों व प्रतिष्ठानों को भय दिखाकर धन उगाही करने तथा रकम नहीं मिलने पर अपने तथाकथित न्यूज पोर्टल में खबरें प्रकाशित कर पुलिस कार्रवाई का दबाव बनाने का आरोप है। इसके अलावा दिलेश्वर गोस्वामी के विरुद्ध विभिन्न थानों एवं ओडिशा राज्य में उद्यापन, लूट एवं अपहरण जैसे गंभीर प्रकरण पूर्व से दर्ज बताए गए हैं।
फिलहाल आवेदक एवं अनावेदक दोनों पक्षों के आवेदनों पर पुलिस द्वारा बारीकी से जांच की जा रही है।




