बिलासपुर में सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात पाठशाला का आयोजन .

बिलासपुर। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 15 जनवरी 2026 को महाराणा प्रताप चौक में यातायात पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं के कारण, रोकथाम एवं यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी गई।

भूतल परिवहन मंत्रालय भारत सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में जिला पुलिस बल बिलासपुर द्वारा 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इस दौरान बिलासपुर पुलिस, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निगम, सामाजिक संस्थाओं एवं जिला प्रशासन के समन्वय से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यशाला में दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने की अनिवार्यता के बारे में बताया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रामगोपाल करियारे ने कहा कि भारत में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या एवं मृत्यु दर अत्यधिक है, जिसे कम करने के लिए वाहन चालकों की जिम्मेदारी सबसे महत्वपूर्ण है। यातायात नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं की रोकथाम का प्रभावी उपाय है।
पूर्व उप निरीक्षक श्री उमाशंकर पांडे द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट के नवीन प्रावधानों, गुड सेमेरिटन योजना, राहवीर योजना, दुर्घटना में घायलों को 1.50 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार, गुड सेमेरिटन को 25 हजार रुपये प्रोत्साहन एवं अज्ञात वाहन से दुर्घटना पर शासकीय क्षतिपूर्ति की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सत्यम चौक यातायात परिसर में आयोजित लर्निंग लाइसेंस एवं बीमा शिविर का बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।




