पुरानी रंजिश में युवक की सरेराह चाकू मारकर हत्या, मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त में

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में शुक्रवार शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिचरी बाजार से हैप्पी स्ट्रीट मार्ग पर स्थित निर्माणाधीन पुल के पास बदमाशों ने युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान शानू उर्फ अमन हुसैन (25 वर्ष), हटरी बजार लाइफ केयर हॉस्पिटल निवासी जूना बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शानू और आरोपी विकास तिवारी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दरअसल, साल 2021 में शानू ने विकास तिवारी पर जानलेवा हमला किया था, जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि शानू लगातार विकास पर समझौता करने का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर शनिवार शाम लगभग 6:30 बजे दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ।

वारदात और पुलिसिया कार्रवाई
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने शानू पर चाकू से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में शानू को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास तिवारी सहित अन्य संदेहियों को हिरासत में ले लिया है।
जांच जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।




