नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख की ठगी करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार .

बिलासपुर थाना हिर्री पुलिस ने बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले तीन वर्षों से लगातार अपना ठिकाना बदलकर फरारी काट रहा था।
गिरफ्तार आरोपी का नाम राजा भैया लहरे (26 वर्ष), पिता स्व. पुनित राम लहरे, निवासी ग्राम छैडोलिया (कोसा), थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा है। उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 10/2026 धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी थाना मुलमुला में वर्ष 2023 से गुम इंसान क्रमांक 56/2023 में दर्ज था और तभी से फरार चल रहा था।
प्रार्थी अंबिका प्रसाद भारद्वाज (50 वर्ष), निवासी चण्डीपारा उरईहा पामगढ़ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उनके पुत्र राहुल भारद्वाज एवं भतीजे हरिश को नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने ऑनलाइन बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से 17,65,000 रुपये तथा नगद 7,35,000 रुपये लेकर कुल 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी की और अक्टूबर 2023 से फरार हो गया। पैसे वापस मांगने पर आरोपी के परिजनों पर दबाव बनाने की शिकायत भी सामने आई थी।
माननीय न्यायालय के आदेश पर थाना हिर्री में अपराध पंजीबद्ध कर लगातार पतासाजी की जा रही थी। विवेचना के दौरान 20 फरवरी 2026 को पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके गृह ग्राम छैडोलिया से पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 75 हजार रुपये नगद और एक मोबाइल फोन जप्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।



