
बिलासपुर :रतनपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है, जबकि आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
घटना की शुरुआत 31 दिसंबर 2025 को हुई, जब प्रार्थिया की नाबालिग बेटी घर से अचानक लापता हो गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन सुराग न मिलने पर 4 जनवरी 2026 को रतनपुर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी अजय सिंह राजपूत (25 वर्ष), निवासी बछालीखुर्द, पीड़िता को अपने साथ ले गया है। पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और नाबालिग को सकुशल बरामद किया।
पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे शादी का लालच देकर बहला-फुसलाकर ले गया था और उसकी मर्जी के बिना उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धाराएं जोड़ी गईं।
इस सफल कार्रवाई में रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, सउनि दिनेश तिवारी, आरक्षक राजेन्द्र साहू और महिला आरक्षक स्वाती बंजारे व अनिषा कश्यप का विशेष योगदान रहा।




