
बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने बुधवार को अवैध शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम जलसों में दबिश देकर दो आरोपियों से कुल 21 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त की है। जब्त की गई शराब की कुल कीमत लगभग 4200 रुपये आंकी गई है। मामले में अपराध क्रमांक 566/25 एवं 568/25 दर्ज कर आरोपियों को धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब बिक्री एवं तस्करी पर अंकुश लगाने हेतु अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 26 नवंबर को थाना कोनी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जलसों में दो व्यक्ति घर के आंगन और बाजार क्षेत्र में प्लास्टिक जरीकेन में कच्ची महुआ शराब रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान तीजराम वर्मा पिता बलराम वर्मा (30 वर्ष) निवासी ग्राम जलसों के पास से 9 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत 1800 रुपये पाई गई। वहीं दूसरे आरोपी उत्तम वर्मा पिता संधुर वर्मा (29 वर्ष) निवासी ग्राम जलसों के कब्जे से 12 लीटर अवैध महुआ शराब, कीमत 2400 रुपये बरामद की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
कोनी पुलिस ने बताया कि अवैध शराब कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।




