
बिलासपुर। थाना तोरवा क्षेत्र के पावर हाउस चौक के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नो-एंट्री के दौरान प्रतिबंधित मार्ग में तेज रफ्तार से दौड़ रहे रेत से भरे हाईवा ने एक स्कूटी सवार बुजुर्ग को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन को जप्त कर लिया है।
घटना 16 नवंबर 2025 को शाम लगभग 6.45 बजे हुई। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुँची। पुराना पावर हाउस के पास मुख्य मार्ग पर हाईवा (CG 10 BP 9348) खड़ा मिला, जिसके पिछले चक्कों के नीचे स्कूटी तथा मृतक दबे हुए थे। मृतक की पहचान राधेश्याम सिदार (45 वर्ष), निवासी देवरीखुर्द के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हाईवा चालक चंद्रशेखर यादव (41 वर्ष), निवासी करूमहु, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा को मौके से हिरासत में लिया गया। वाहन की रेत परिवहन संबंधी रायल्टी और नो-एंट्री में प्रवेश की अनुमति के दस्तावेज प्रस्तुत करने नोटिस दिया गया, परंतु वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका।
पुलिस के अनुसार चालक ने प्रतिबंधित समय में भारी वाहन चलाते हुए लापरवाहीपूर्ण व जानलेवा अंदाज में गंभीर दुर्घटना को अंजाम दिया। इस पर बीएनएस की धारा 105 बी (गैर-इरादतन हत्या) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 115/194 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
हाईवा को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए 17 नवंबर को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। घटना से क्षेत्र में आक्रोश व भय का माहौल है।




