झपटमारी कर पर्स व मोबाइल छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने सामान बरामद किया .

बिलासपुर । थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने झपटमारी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा छीना गया मोबाइल, नगदी और पर्स बरामद कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर ली है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 फरवरी 2026 को प्रार्थिया अपनी स्कूटी से होटल जीत कॉन्टिनेंटल, शिव टॉकीज चौक स्थित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान होटल के सामने पीछे से काले रंग की स्कूटी पर सवार एक युवक ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गया। पर्स में वीवो Y53 मोबाइल फोन, ₹4500 नगद तथा आलमारी की चाबी रखी हुई थी। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 142/26 धारा 304 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध के हुलिये के आधार पर तलाश शुरू की।
मुखबिर सूचना पर टिकरापारा निवासी सौरभ पासी (20) को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने झपटमारी की घटना को स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वीवो मोबाइल, नगदी, पर्स तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG10/AP2103 बरामद की गई है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




