
बिलासपुर / सकरी के अंतर्गत जमीन विवाद के चलते एक युवक की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का खुलासा एफआईआर दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर ही कर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी मयंक यादव ने थाना सकरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता मनबोध यादव (48 वर्ष) का खून से सना शव ग्राम चोरभट्ठीखुर्द स्थित भैराबांधा तालाब के पास पड़ा हुआ है। रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 117/2025 धारा 194 बीएनएसएस तथा अपराध क्रमांक 956/2025 धारा 103(1), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों—गौतमचंद साहू (33), गुलाबचंद साहू (30) तथा अजय धु्रव (22), तीनों निवासी चोरभट्ठीखुर्द—को लोहे की धारदार टंगली से हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मृतक और आरोपियों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विजय चौधरी, सउनि सुरेंद्र तिवारी, सउनि राजकुमार वस्त्रकार, प्रआर रवि लहरे, प्रआर लक्ष्मीकांत कश्यप सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही।




