चोरी के प्रकरण सुलझाने में सरकंडा पुलिस को मिली सफलता।छात्र के किराये के मकान का ताला तोड़कर लैपटॉप व इयरफोन चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार .

Bilaspur/ सरकंडा पुलिस ने एक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी से चोरी किया गया सामान बरामद किया है। प्रार्थी रोहन पटेल, निवासी रायगढ़, जो बिलासपुर के अरविंद मार्ग स्थित किराये के मकान में रहकर साइंस कॉलेज में पढ़ाई करता है, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दीपावली पर घर जाने के बाद लौटने पर उसने पाया कि उसके कमरे का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखे लैपटॉप व इयरबड्स, कुल कीमत 38,000 रुपये, चोरी हो गए हैं।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि प्रार्थी के मकान में कुछ दिन पहले आशुतोष पाण्डेय नामक युवक किराये से रह रहा था जो अचानक मकान खाली कर चला गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आज आरोपी आशुतोष पाण्डेय (19 वर्ष), निवासी दिनौरा, जिला गाजीपुर (उ.प्र.), हाल मुकाम दैहानपारा, सरकंडा, को कोन्हेर गार्डन के पास से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया और चोरी किया गया लैपटॉप व इयरबड्स पुलिस ने बरामद कर लिए।
अप.क्र. 1524/2025, धारा – 331(4), 305(ए) बीएनएस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल एवं सीएसपी सरकंडा श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्या की टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।




