
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती पर आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। ओपन थिएटर में 2 से 4 नवम्बर तक चलने वाले राज्योत्सव में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों के कटआउट को पशु ट्राली में ले जाया गया, जिसे लेकर निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

महापौर संजू देवी राजपूत ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की गरिमा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी गलती दोहराने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
तीन अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
महापौर के निर्देश पर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने उप अभियंता अश्विनी दास, स्वच्छता निरीक्षक रविंद्र थवाईत और उप अभियंता अभय मिंज से 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा है। आरोप है कि इनकी जानकारी में नेताओं के कटआउट को पशु ट्राली में एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाया गया।

आयुक्त ने इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और छग सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन माना है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हुई थी ऐसी घटना
गौरतलब है कि 11 सितम्बर 2025 को भी नेताओं के कटआउट को पशु ट्राली में ढोया गया था। उस समय चेतावनी देकर मामला समाप्त कर दिया गया था, पर दूसरी बार वही गलती दोहराने पर अब मामला तूल पकड़ गया है।
युवा नेता ने की सख्त कार्रवाई की मांग
युवा कांग्रेस नेता अमित टमकोरिया ने इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।




