
बिलासपुर / थाना कोनी पुलिस द्वारा ग्रामों में चलित थाना जन चौपाल लगाकर अपराध एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में बीट सिस्टम का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 22/02/2026 को थाना कोनी क्षेत्र के ग्राम रमतला, निरतू, घुटकु एवं सेमरताल में चलित थाना जन चौपाल का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बीट प्रभारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा “चेतना अभियान” के अंतर्गत ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड से बचाव, यातायात नियमों का पालन, नशे के दुष्प्रभाव, कानून व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पुलिस द्वारा विजिबल पुलिसिंग, अपराध रोकथाम, सूचना संकलन तथा बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन पर विशेष जोर दिया गया।
जन चौपाल में प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। एक शिकायत में धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्यवाही की गई, तीन मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई तथा एक जमीन संबंधी विवाद में संबंधित पक्षों को न्यायालय में जाने की सलाह दी गई।
ग्राम प्रमुखों एवं ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जन चौपाल के माध्यम से उन्हें अपनी समस्याएं खुलकर रखने और त्वरित समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला है।




