
बिलासपुर। थाना कोटा पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर चलाए जा रहे चेतना विरुद्ध नशा व प्रहार अभियान के तहत की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 14 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गनियारी के वर्मा मोहल्ला में एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिनके मार्गदर्शन में थाना कोटा की एक टीम गठित कर मौके पर रेड कार्रवाई की गई।
रेड के दौरान आरोपी अंजेश वर्मा पिता अश्वनी वर्मा उम्र 28 वर्ष, निवासी वर्मा मोहल्ला ग्राम गनियारी थाना कोटा जिला बिलासपुर को उसके कब्जे से 04 पीले रंग के डिब्बों में रखी 15-15 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। कुल जप्त महुआ शराब की मात्रा 60 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अवैध धनार्जन के उद्देश्य से लंबे समय से शराब की अवैध बिक्री में संलिप्त था।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान, सहायक उप निरीक्षक गोपाल खांडेकर, सहायक उप निरीक्षक नहारु राम साहू, प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव, आरक्षक 1351 अखिलेश पारकर, आरक्षक 1356 संजय श्याम, आरक्षक 1330 खेमंत पाल एवं आरक्षक 1132 खिलावन नेताम की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




