कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश .

बिलासपुर । कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आम नागरिकों, किसानों एवं ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े अधिक आवेदन प्राप्त हुए। जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

धुरीपारा मंगला निवासी पुरुषोत्तम पटेल ने कृषि भूमि के ऑनलाइन रिकॉर्ड में त्रुटि की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने एसडीओ को जांच के निर्देश दिए। बेलगहना के सेवानिवृत्त कर्मचारी ने जीपीएफ भुगतान की मांग की, जिसे सीएमएचओ को सौंपा गया। सीपत के किसानों ने किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर उप संचालक कृषि को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
दगोरी सरपंच ने स्कूल में पेयजल, शौचालय और शिक्षक की कमी की समस्या रखी। तिफरा की अमरिका बाई ने महतारी वंदन योजना की राशि बंद होने की शिकायत की, जिसे महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंपा गया। वहीं, फर्जी लोन और शिक्षकों की लापरवाही के मामलों में भी जांच के निर्देश दिए गए।
आजाद नगर निवासी ने श्री राम केयर अस्पताल में अव्यवस्था, दुर्व्यवहार और अवैध निर्माण की शिकायत की। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त एवं सीएमएचओ को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।




