कलेक्टर जनदर्शन में सैकड़ों शिकायतें सुनीं, अधिकारियों को त्वरित जांच व निराकरण के निर्देश .

बिलासपुर । कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोगों ने बिना किसी औपचारिकता के अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं। कलेक्टर ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई करने को कहा।

तखतपुर विकासखंड के ग्राम चनाडोंगरी की गंगोत्री बाई ने 20 डिसमिल भूमि घोंघा जलाशय में डूब क्षेत्र में जाने के बाद मुआवजा न मिलने की शिकायत की, जिस पर जल संसाधन विभाग को जांच के निर्देश दिए गए। ग्राम पत्थर्रा की सरपंच ज्योति गोस्वामी ने जर्जर मिडिल स्कूल भवन के स्थान पर नया भवन बनाने की मांग रखी, जिस पर जिला पंचायत सीईओ को कार्रवाई करने को कहा गया।

ग्राम मदनपुर की श्रमिक महिला सरिता बाई ने मनरेगा के तहत 15 दिनों की मजदूरी भुगतान लंबित होने की शिकायत की। मस्तूरी क्षेत्र में रोजगार सहायक द्वारा सरकारी राशि के दुरुपयोग की शिकायत पर भी जांच के निर्देश दिए गए। गढ़ कलेवा महिला समूह ने भोजन पैकेट भुगतान लंबित होने की बात रखी, जबकि हरदी कला के किसान मुरली प्रसाद साहू ने खाद उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की।
भूतपूर्व सैनिक की पत्नी लक्ष्मीबाई को आवास हेतु भूमि आवंटन, ढेका बायपास से प्रभावित किसानों को मुआवजा तथा अन्य मामलों में भी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त और जिला पंचायत सीईओ भी उपस्थित रहे।




