
बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने चोरी की वस्तुओं की खरीदी-बिक्री में संलिप्त कबाड़ी दुकानदारों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पिछले कुछ समय से मिल रही शिकायतों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 09 नवंबर 2025 को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित कबाड़ी दुकानों पर छापामार कार्रवाई की।

अभियान के दौरान तीन दुकानों से भारी मात्रा में अवैध कबाड़ (चोरी की आशंका वाले सामान) बरामद किए गए। आरोपी पवन सूर्यवंशी पिता सरोज लाल (30 वर्ष), निवासी मोहरा, थाना सीपत, की दुकान से लगभग 03 क्विंटल कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी कीमत ₹6,600 आंकी गई। इसी प्रकार आरोपी श्रीमती केशा बाई साहू पति स्व. रामलाल (40 वर्ष), निवासी गतोरी, की दुकान से करीब 08 क्विंटल कबाड़ बरामद हुआ, जिसकी कीमत ₹16,000 है। वहीं तीसरे आरोपी अकबर खान पिता स्व. लतीफ मोहम्मद (42 वर्ष), निवासी अशोक नगर, थाना सरकंडा, से लगभग 04 क्विंटल कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी कीमत ₹8,000 बताई गई।
तीनों मामलों में थाना कोनी में अपराध क्रमांक 01/2025, 02/2025 और 03/2025 धारा 35(ख)(1)(ड) बीऐनएसएस एवं 303(2) बीऐनएसके तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी का माल खरीदने या बेचने वाले कबाड़ी संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सभी दुकानदारों को वैध रसीद और पहचान-पत्र के बिना किसी भी सामान की खरीदी-बिक्री न करने की हिदायत दी गई है।




