छत्तीसगढ़बिलासपुर

आमजनों को तलवार लहराकर डराने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोनी पुलिस की तत्परता से बढ़ी सुरक्षा .

बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने रविवार को ग्राम सेमरताल स्थित धान मंडी क्षेत्र में तलवार लहराकर आमजनों को धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार 01 दिसंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत करते हुए हाथ में तलवार लहरा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तुरंत स्टाफ और गवाहों के साथ मौके पर रवाना होकर घेराबंदी की।

पुलिस टीम ने मौके से आरोपी को पकड़ लिया, जिसकी पहचान जय प्रकाश मानिकपुरी (39 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरताल के रूप में हुई। आरोपी के पास से 34 इंच लंबी लोहे की तलवार, जिसका अगला हिस्सा तेज और नुकीला था, बरामद की गई। नोटिस दिए जाने पर आरोपी तलवार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद तलवार को समक्ष गवाहों के जरिए जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।

थाना कोनी पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।




कोनी पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि कोई भी व्यक्ति अवैध हथियार, आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यवहार देखे तो तत्काल स्थानीय थाना या डायल 112 पर सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page