
बिलासपुर। वर्ष 2025 की समाप्ति से पूर्व बिलासपुर रेंज के पुलिस अधीक्षकों की अपराध समीक्षा बैठक पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2023 से 2025 तक के आपराधिक आंकड़ों, बेसिक पुलिसिंग तथा नवीन कानूनी व्यवस्था से जुड़े पोर्टल—ई-साक्ष्य, ई-सम्मस, नेटग्रिड, क्राइमेक, समन्वय पोर्टल, आई.ओ. मितान और एनसीसीआरपी पर की जा रही प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

आईजी ने सभी जिलों को निर्देशित किया कि 31 दिसंबर 2025 से पूर्व थानों में लंबित अपराध, चालान, मर्ग, शिकायतें और विभागीय जांचों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। महिलाओं व बच्चों से संबंधित मामलों में तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित और विधिसम्मत कार्यवाही पर जोर दिया गया।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, संपत्ति संबंधी अपराधों पर तेजी से कार्रवाई, चोरी के प्रकरणों के निकाल हेतु विशेष टीम गठन तथा अपहृत संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए गए। पशु तस्करी, आबकारी और एनडीपीएस मामलों में जब्त वाहनों को राजसात कराने और जप्त मादक पदार्थों का विनष्टीकरण वर्ष समाप्ति से पूर्व पूरा करने कहा गया।

अवैध शराब की मांग-आपूर्ति पर सतत निगरानी, संगठित जुआ-सट्टा पर सख्त कार्रवाई, बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने तथा लंबित पासपोर्ट-चरित्र सत्यापन को समयसीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पुलिसबल में अनुशासन बनाए रखने, पर्यवेक्षणीय अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को पुरस्कृत करने पर भी बल दिया।
बैठक में बिलासपुर रेंज के सभी जिला पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं रेंज कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




