चिल्हाटी पुल के नीचे मिला अज्ञात भ्रूण, इलाके में सनसनी फैली, पुलिस जांच जारी .

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मोपका चौकी अंतर्गत चिल्हाटी-गतौरा मार्ग पर पुल के नीचे एक अज्ञात भ्रूण मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे काली प्लास्टिक में लिपटा हुआ भ्रूण देखा। यह दृश्य देखते ही लोगों में आक्रोश और दुख का माहौल बन गया। तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तड़के किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भ्रूण को यहां फेंका गया है। इस घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना का खुलासा हो सकेगा।