बिलासपुर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 1 हाइवा सहित 7 वाहन जब्त .

बिलासपुर । कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को खनिज अमले की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया और कुल 7 वाहनों को जब्त किया।
जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग की टीम ने कच्छार, लोफन्दी, सेंदरी, निरतु, लखराम, गढ़वत, खैरखूंडी, लोखड़ी, तुरकाडीह और सकरी क्षेत्रों में जांच की। इस दौरान कच्छार क्षेत्र में अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए 1 ट्रैक्टर को पकड़ा गया। वहीं सेंदरी क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन करते 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए।

लोखड़ी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते हुए 1 हाइवा वाहन को जप्त किया गया। इसके अलावा सकरी क्षेत्र में मिट्टी ईंट का अवैध परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त किया गया। इस तरह कुल 1 हाइवा और 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित 7 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
जब्त किए गए सभी वाहनों को कोनी और सकरी थाना की अभिरक्षा में रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती से कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। खनिज विभाग के साथ राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम इस अभियान को लगातार अंजाम दे रही है, जिससे अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।




