रतनपुर

रतनपुर में चाकूबाजी और पत्थरबाजी करने वाले बदमाश गिरफ्तार, पुलिस की सख्त कार्रवाई .

बिलासपुर / रतनपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चाकूबाजी और पत्थरबाजी की घटनाओं में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2026 को सुमित कुमार रजवाड़े ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 मार्च की दोपहर वह अपने भतीजे के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी जूनाशहर बाईपास के पास चार युवकों ने रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।

इसी तरह, राहुल सिदार ने शिकायत दर्ज कराई कि 29 मार्च की रात शादी से लौटते समय जूनाशहर-लखनी देवी मार्ग पर चार युवकों ने रास्ता रोककर पैसे मांगे और विरोध करने पर मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने अजय ध्रुव पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदेहियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया, जिनमें मनीष मरावी और विक्रम मरावी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जबकि दो नाबालिगों को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चाकू भी बरामद किया।

इसके अलावा, रतनपुर-कोटा मार्ग पर वाहनों पर पत्थर फेंकने वाले सिद्धार्थ धुर्व्रे और उमेन्द्र सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page