सिरगिट्टी पुलिस की कार्रवाई: चाकू लहराकर अशांति फैलाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार .

बिलासपुर। थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल बना रहे हैं।

कार्रवाई के दौरान गणेश नगर चुचुहियापारा निवासी मनबहार बघेल को चाकू लहराते हुए पकड़ा गया, वहीं तिफरा क्षेत्र के सेक्टर-डी स्थित शराब भट्टी के पीछे सनत साहू भी चाकू के साथ मिला। दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो नग चाकू जब्त किए गए। इनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
इसके अलावा गौर कॉलोनी तिफरा क्षेत्र में एक अन्य व्यक्ति गाली-गलौच कर अशांति फैला रहा था, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का स्पष्ट संदेश गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



