चाकू की नोक पर लूट करने वाला आरोपी घंटों में गिरफ्तार, 7400 रुपये व हथियार जब्त .

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में चाकू दिखाकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 7400 रुपये नकद एवं एक लोहे का स्प्रिंगदार धारदार चाकू बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी हेमंत कुमार यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 मार्च 2026 की सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच वह मोटरसाइकिल से नूतन चौक चाय पीने गया था। वहां पहले से मौजूद अतुल यादव ने उसके पास रखे पैसे देख लिए। वापसी के दौरान सामुदायिक भवन नूतन कॉलोनी के पास आरोपी ने चाकू दिखाकर उसे डराया-धमकाया और करीब 50 हजार रुपये लूट लिए।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अतुल यादव (20 वर्ष), निवासी लंबोदर नगर, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि अधिकांश रकम खर्च कर दी है। उसके पास से शेष 7400 रुपये और चाकू जब्त किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




