
बिलासपुर । जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देश एवं उप संचालक खनिज विभाग के मार्गदर्शन में खनिज अमला द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया गया।
17 मार्च को कोटा, बेलगहना, कोनचरा, बिरकोना, सरकंडा, सिरगिट्टी, सिलपहरी, चकरभाठा, मुढ़िपार और रहँगी क्षेत्रों में जांच की गई। इस दौरान कोनचरा क्षेत्र से अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। वहीं सिलपहरी क्षेत्र में साधारण पत्थर का अवैध उत्खनन करते पाए गए 1 जेसीबी और 1 हाइवा वाहन को भी जब्त किया गया।

इसी तरह चकरभाठा क्षेत्र में मुरुम का अवैध परिवहन करते हुए 3 हाइवा वाहनों को पकड़ा गया। इस प्रकार कुल 7 वाहनों—1 जेसीबी, 4 हाइवा और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली—को जब्त कर पुलिस थाना सिरगिट्टी एवं चकरभाठा में अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ लगातार सघन अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



