
बिलासपुर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने अवैध जुए और सट्टे के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन के माध्यम से क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, कार एवं नकद राशि जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 21 दिसंबर 2025 को थाना सिविल लाइन पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मनोज पोपटानी नामक व्यक्ति महाराणा प्रताप चौक के आसपास अपनी बलेनो कार क्रमांक सीजी 10 ए पी 8886 में घूम-घूमकर मोबाइल फोन के माध्यम से क्रिकेट सट्टा खिला रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई।
पुलिस को देखकर आरोपी वाहन लेकर आगे बढ़ने लगा, जिस पर पुलिस टीम ने पीछा कर महाराणा प्रताप चौक के पास उसे रोक लिया। पूछताछ एवं जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन को चेक किया गया, जिसमें क्रिकेट सट्टा से संबंधित गतिविधियां पाई गईं। इसके पश्चात आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज पोपटानी पिता नंदलाल पोपटानी उम्र 30 वर्ष, निवासी हेमूनगर सिंधी कॉलोनी, झूलेलाल मंदिर के पास, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। आरोपी के पास से एक सैमसंग 23 अल्ट्रा मोबाइल फोन, एक बलेनो कार एवं नगद 6,700 रुपये जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 3,61,700 रुपये आंकी गई है।
पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध धारा 7(1) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध सट्टा और जुए के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।




